दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2018-19 में अंडर ग्रेजुएट (यूजी) कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा से होने की संभावना कम है। इसको लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है।
हालांकि ऑनलाइन परीक्षा पर विचार-विमर्श करने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। दूसरी ओर, बीते सालों में ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होने वाले पीजी के दाखिले इस बार से ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होंगे।
डीयू में दाखिले की गाइडलाइंस तैयार करने के लिए 47 सदस्यीय दाखिला समिति की पहली बैठक सोमवार को हुई। इसमें विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक के बाद दाखिला समिति अध्यक्ष प्रो. एम.केपंडित ने प्रेस वार्ता में बताया कि अंडर ग्रेजुएट के दाखिले ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से कराने को लेकर सहमति नहीं बनी है।
इस पर चर्चा के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है। यूजी के जिन आठ कोर्स के दाखिले पहले से ही ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होते हैं, वह पहले की तरह होंगे। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल यूजी के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा कराने का विचार नहीं है।
इसके लिए कमेटी भी बनाई गई है, ऐसे में बेहद ही कम संभावना है कि दाखिले ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा से हों। बताया जा रहा है कि प्रशासन दाखिले पहले की तरह दाखिले कट ऑफ के आधार पर करना चाह रहा है। वहीं पीजी कोर्स (पोस्ट ग्रेजुएट) में दाखिले के लिए कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा होगी।
बीते साल इसके लिए प्रारूप तैयार कर लिया गया था। हालांकि, एबीवीपी व डूसू के विरोध के चलते इसे लागू नहीं किया जा सका। हालांकि, इस बार प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। वहीं इस बार दाखिला प्रक्रिया समय से पहले शुरू होगी। आवेदन प्रक्रिया अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी।