दाखिला फॉर्म को हिस्सों में बांटा जा रहा, भरना हो जाएगा आसान
-दाखिला फॉर्म को हिस्सों में बांटा जा रहा, भरना हो जाएगा आसान
-फॉर्म जैसे-जैसे भरेंगे जानकारी सर्वर पर एकत्र होती जाएगी
-आवेदन प्रक्रिया शुरू होने पर जब चाहे तब भर सकेंगे-दाखिला प्रक्रिया को स्टूडेंट फ्रैंडली बनाने की तैयारी हो रही
दिल्ली विश्वविद्यालय दाखिला प्रक्रिया 2017-18 में इस बार बदलाव करने की तैयारी हो रही है। इसमें अहम होगा ऑन लाइन दाखिला फॉर्म में बदलाव। इस बार फॉर्म न केवल स्टूडेंट फ्रैंडली होगा बल्कि फॉर्म बदला हुआ भी नजर आएगा। दाखिला फॉर्म को हिस्सों में बांटने की तैयारी है।
विज्ञापन
इस कारण आवेदनकर्ता छात्र इसे जब चाहे तब भर सकेंगे। एक दिन कुछ हिस्सा भर कर, एक दो दिन बाद दूसरा हिस्सा या छूटा हुआ हिस्सा भरने की अनुमति होगी। फॉर्म को जैसे-जैसे भरते जाएंगे उसकी जानकारी सर्वर पर एकत्र होती जाएगी लिहाजा जानकारी दुबारा भरने की परेशानी नहीं होगी।
बीते साल दाखिला प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन किया गया था। बीते साल तक पहले पंजीकरण कराकर फॉर्म को भरना होता था। इस बार प्रशासन का प्रयास है कि छात्र चाहें तो टुकड़ों में फॉर्म भर सकें। जहां से छोड़ा है वहीं से फॉर्म भरने की अनुमति दी जाए।
विज्ञापन
दूसरे दिन भी भर सकेंगे जानकारी
ऑनलाइन फॉर्म भरते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
दाखिला कमेटी के संयोजक डॉ. मनोज खन्ना ने बताया कि इस बार दाखिला प्रक्रिया को इस तरह से बनाने का प्रयास हो रहा है, जिससे कि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। चूंकि इस बार यह संभावना है कि दाखिला प्रक्रिया समय से पहले शुरू की जाए लिहाजा फॉर्म को पेजों के अनुसार हिस्सों में बांट देंगे।
मसलन यदि कोई छात्र अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे कि नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, नागरिकता व अन्य जानकारी एक हिस्से में, दूसरे हिस्से में शैक्षणिक जानकारी, व रिजल्ट को दिया जा सकता है।
चूंकि व्यक्तिगत जानकारी में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं पड़ती है, लिहाजा छात्र पहले उसे भर सकते हैं। उसमें भी यदि कुछ जानकारी एक दिन व अन्य जानकारी दूसरे दिन भरना चाहें तो भर सकेंगे।
ऐसा इसलिए होगा क्योंकि वह जैसे-जैसे जानकारी भरेंगे वैसे-वैसे वह जानकारी डीयू के सर्वर पर एकत्र होती जाएगी। इसके बाद बारहवीं का रिजल्ट आने पर जब वह अपनी शैक्षणिक जानकारी भरना चाहेगा तो भर सकेगा।
दरअसल, डीयू में गैप ईयर वाले छात्र भी आवेदन करते हैं लिहाजा वह अगर हिस्सों में या एक साथ फॉर्म पहले भर देंगे तो सर्वर पर भी लोड नहीं पड़ेगा। क्योंकि 12वीं का रिजल्ट आते ही सब एक साथ फॉर्म भरते हैं।
उन्होंने कहा कि अभी सब पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि कहां-कहां कंप्यूटर साक्षरता है। ऑनलाइन व ऑफलाइन को लेकर भी स्टडी की जा रही है।