निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिले की पहली सूची से कई अभिभावकों के दाखिले की आस टूट गई है। प्रतीक्षा सूची में भी अधिक अभिभावकों के लाइन में होने से वह दूसरी सूची से कम आस लेकर चल रहे हैं।
अच्छे स्कूलों में आखिर कहां दाखिला लें, इसके लिए अब अभिभावकों ने दिल्ली से सटे एनसीआर के स्कूलों का रुख कर लिया है। बड़ी संख्या में अभिभावक फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, बहादुरगढ़, कुंडली, गुरुग्राम में दाखिले के विकल्प खोज रहे हैं।
पंजाबी बाग में रहने वाले अभिभावक रीतेश बंसल के मुताबिक उन्होंने 11 स्कूलों में आवेदन किया था लेकिन पहली सूची में ही उनके बच्चे का नाम कहीं नहीं आया।
ऐसे में उन्होंने करनाल बाईपास से सटे कुंडली के स्कूल में दाखिला कराने की योजना बनाई है। वहां नामचीन स्कूल की शाखा में दाखिला मिल रहा है। नेहरू प्लेस निवासी अभिभावक कविता दलाल ने दक्षिण दिल्ली के कई स्कूलों मेें आवेदन किया था।
सिर्फ पड़ोस के मिले अंकों के कारण उनके बच्चे का दाखिला नहीं हुआ। ऐसे में अब वह फरीदाबाद में दाखिला कराने की सोच रही हैं। उन्हें सौ फीसदी उम्मीद है कि वहां अच्छे स्कूल में दाखिला मिल जाएगा।
एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा कहते हैं कि उनकी फोरम पर लगातार एनसीआर में दाखिला कराने की बात अभिभावक कर रहे हैं।
कुछ अभिभावकों ने तो दिल्ली में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ जैसे इलाकों में अपनी सीट पक्की कर दी थी जबकि कुछ अब पक्की करने की सोच रहे हैं।
एक नामचीन स्कूल की प्रिंसिपल का कहना है कि सभी अभिभावक बच्चे को कुछ नामचीन स्कूलों में दाखिला करवाना चाहते हैं जबकि स्कूलों में सीटें तो उतनी ही हैं जबकि दाखिले के लिए आवेदन 5 से 7 हजार तक पार कर जाते हैं। सीटों से ज्यादा आवेदन होने के कारण कुछ का दाखिला ही हो पाता है।