नर्सरी दाखिलों में नेबरहुड नीति से दाखिले नहीं होंगे। हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार को झटका देते हुए सिंगल जज के उस फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया जिसमें सरकार की नेबरहुड नीति को असंवैधानिक व मनमाना ठहराया था। गौरतलब है कि सिंगल जज ने नेबरहुड नीति को खारिज कर स्कूलों को अपनी नीति के तहत दाखिला देने की छूट दी थी।
मुख्य न्यायाधीश जी.रोहिणी व न्यायमूर्ति संगीता ढींगरा सहगल की खंडपीठ ने दिल्ली सरकार की अपील खारिज करते हुए अपने फैसले में कहा कि वर्तमान में नर्सरी दाखिला प्रक्रिया शुरू है और उनकी नजर में उसमें हस्तक्षेप करने का कोई आधार नजर नहीं आता।
उन्होंने कहा संबंधित न्यायमूर्ति मनमोहन ने 14 फरवरी को इस मुद्दे पर अपना अंतरिम निर्णय दिया था। अदालत ने कहा सिंगल जज ने अपने फैसले में जो टिप्पणियां की है अंतिम फैसला उससे प्रभावित नहीं होना चाहिए।