केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बोर्ड से जुड़े नौवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें नक्शा बनाने की फजीहत नहीं झेलनी पड़ेगी।
परीक्षा में भी इससे निजात मिलेगी। सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक इतिहास, भूगोल और सामाजिक विज्ञान विषय से नक्शों को हटा दिया गया है।
हालांकि, बोर्ड ने लाइवलीहुड, अर्थशास्त्र और सोसायटी सब्जेक्ट में नक्शा बनाना अनिवार्य रखा है। जानकारों का मानना है कि इतिहास और भूगोल जैसे विषय में नक्शों से जुड़े सवाल के नंबर कम थे और समय ज्यादा लगता था।
इस कारण छात्रों को परेशानी भी होती थी। इसी को देखते हुए बोर्ड ने यह कदम उठाया है। यह राहत केवल 9वीं कक्षा के छात्रों को दी गई है। बाकी कक्षाओं के लिए सिलेबस पहले ही जैसा रखा गया है।
बोर्ड अधिकारियों की मानें तो छात्र नक्शा बनाने में समय बर्बाद कर देते थे। यही नहीं, गलतियां भी करते थे। इसी के चलते कई बार नक्शों को हटाए जाने के सुझाव भी बोर्ड को प्राप्त हुए।
सीडी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक यशपाल यादव का कहना है कि बोर्ड लगातार छात्रों को फोकस करते हुए फैसले ले रहा है। मानचित्रों के कारण होने वाली समस्या से 9वीं के छात्रों को अब नहीं गुजरना पड़ेगा। बच्चों को नक्शे को लेकर कई तरह की परेशानियां आती थीं। बोर्ड के इस फैसले के बाद उन्हें इस परेशानी से निजात मिलेगी।