नए बैलेट नंबर आने से परेशान छात्र नेता
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए नाम वापस लेने के बाद अध्यक्ष पद के लिए जारी नई सूची नेे संगठनों का खेल बिगाड़ दिया है। बुधवार को संगठनों के पैनल को मिले बैलेट नंबर रातों-रात बदल गए।
बुधवार को एबीवीपी के पैनल को 5,5,3,4 बैलेट नंबर मिले थे, लेकिन बृहस्पतिवार को बैलेट नंबर 8, 5, 3, 4 हो गया। इसी तरह से आइसा, इनसो के बैलेट नंबर भी बदल गए हैं। बैलेट नंबर बदलने से सबसे ज्यादा नुकसान छात्र संगठन एबीवीपी को हुआ है।
एबीवीपी ने बुधवार को आवंटित बैलेट नंबर के आधार पर प्रचार शुरू कर दिया था। उन नंबरों के आधार पर ही पूरे कैंपस व दिल्ली में पोस्टर-बैनर लग गए थे। सोशल मीडिया से लेकर अन्य माध्यमों से प्रचार इन्हीं आवंटित नंबरों से किया जा रहा था, लेकिन बुधवार रात दो बजे के बाद प्रशासन ने नाम वापस लेने के बाद अध्यक्ष पद के लिए नई सूची जारी कर दी।
बुधवार शाम जो सूची जारी की गई थी उसमें 6 उम्मीदवार अध्यक्ष पद की रेस में थे। आधी रात के बाद जारी सूची में अध्यक्ष पद की रेस में कुल 9 उम्मीदवार आ गए। इसी कारण संगठनों को मिले बैलेट नंबर बदल गए।