केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से होने वाली नेट की परीक्षा 22 जनवरी 2017 को होगी। बोर्ड ने परीक्षा के विस्तृत शेड्यूल व परीक्षा तिथि की घोषणा कर दी है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अक्तूबर से शुरू होगी। आवेदन 16 नवंबर तक किया जा सकेगा।
सीबीएसई नेट की वेबसाइट www.cbsenet.nic.in से ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं। मालूम हो कि सीबीएसई की ओर से पहले ही साफ किया जा चुका इस बार दिसंबर की बजाए जनवरी में परीक्षा का आयोजन होना है।
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा के लिए फीस का भुगतान ई-चालान व डेबिट-क्रेडिट कार्ड के जरिये 17 नवंबर तक किया जा सकता है। आवेदन के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को 600 रुपये, ओबीसी के लिए 300 रुपये, एससी-एसटी व पीडब्लयूडी श्रेणी को 150 रुपये का भुगतान करना होगा।
इसके बाद उम्मीदवारों को फॉर्म में दी गई जानकारी में सुधार करने का मौका मिलेगा। उम्मीदवार 22 नवंबर से 29 नवंबर तक अपने ब्योरे में सुधार कर सकेंगे। वेबसाइट पर एडमिट कार्ड 21 दिसंबर को अपलोड किए जाएंगे, जबकि परीक्षा होने के बाद आंसर-की (उत्तर कुंजी) मार्च के दूसरे सप्ताह में जारी की जाएगी।