एनडीएमसी, स्कूलों में ई-लर्निंग प्रणाली के साथ नई तकनीक लागू करने वाला नगर निकाय होने जा रहा है, जिसके अंतर्गत 30 स्कूलों में 444 स्मार्ट क्लास रूम के साथ उच्च तकनीक पर आधारित ई-लर्निंग प्रणाली की शुरुआत होगी।
इस संबंध में बुधवार को एनडीएमसी की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष नरेश कुमार ने की। नरेश कुमार के अनुसार परम्परागत शिक्षा प्रणाली को इस डिजिटल युग में अत्याधुनिक तकनीक में परिवर्तित करने की दिशा में यह एनडीएमसी का एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रथम चरण में 30 स्कूलों में 444 स्मार्ट क्लास रूम स्थापित करने के कार्य पर करीब 11 करोड़ रूपये की लागत आएगी। यह परियोजना 100 दिनों में पूर्ण की जाएगी, जिसके तहत ई-लर्निंग के लिए सभी क्लास रूम में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना की सेवा प्रदाता कम्पनी ई-लर्निंग परियोजना को लागू करने के लिए हार्डवेयर की आपूर्ति, स्थापना, आरंभ और संचालन करेगी, साथ ही शैक्षिक सामग्री को डिजिटल रूप में अपलोड भी करेगी। ई-लर्निंग का आधारभूत ढांचा कक्षा-6 से 12 तक अंग्रेजी और हिन्दी में अलग-अलग सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।