मणिपुर की राज्यपाल डॉ. नजमा हेपतुल्ला जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पहली महिला कुलाधिपति (अमीर-ए-जामिया) नियुक्त की गई। वे आगामी पांच वर्षों के लिए पदभार संभालेंगी।
जामिया की विशेष बैठक में यूनिवर्सिटी कोर्ट ने उनके नाम को मंजूरी दी है। वहीं कुलपति प्रो. तलत अहमद ने डॉ. हेपतुल्ला को बधाई देते हुए कहा कि यह जामिया के लिए गर्व की बात होगी।
जामिया प्रबंधन ने सोमवार को बताया कि डॉ. हेपतुल्ला रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एमए जकी की जगह पदभार संभालेंगी। जबकि 26 मई से उनका कार्यकाल शुरू हो चुका है। कुलपति प्रो. तलत अहमद ने नवनियुक्त डॉ. हेपतुल्ला की नियुक्ति पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनके अनुभवों से विश्वविद्यालय समेत छात्रों को बेहद लाभ होगा।
मणिपुर की उपराज्यपाल से पहले वे मोदी सरकार में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री भी रह चुकी हैं। बता दें कि भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की नातिन डॉ. हेपतुल्ला वर्ष 1986 से लेकर वर्ष 2012 तक राज्यसभा की पांच बार सदस्य व राज्यसभा की उप सभापति भी रह चुकी हैं।
इसके अलावा उन्हें संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम द्वारा अपने मानव विकास का राजदूत नामित किया जा चुका है। जामिया के 97 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब किसी महिला को कमान सौंपी जा रही है।