नियम 134 के तहत निजी स्कूलों में रिक्त सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई है। दाखिले के पहले दिन पसंदीदा स्कूल को लेकर मारामारी देखने को मिली। शिक्षा विभाग द्वारा 365 विद्यार्थियों को आवंटित किए स्कूल में से अधिकांश को प्रवेश को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी। कई स्कूलों ने साफ तौर पर मना कर दिया।
हालांकि जो स्कूल दाखिले लेने से इनकार कर रहे हैं, उन स्कूल की रिपोर्ट शुक्रवार तक विभाग द्वारा तैयार की जाएगी। 25 अप्रैल तक चलने वाली दाखिला प्रक्रिया के तहत पहले ही दिन अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंच गए, लेकिन कई अभिभावकों के हाथ मायूसी लगी। ऐसे में बैरंग होकर घर लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कक्षा दो एवं तीन में दाखिले के लिए अधिक मारामारी देखने को मिल रही है। अब तक निजी स्कूलों का रुख भी शिक्षा विभाग समझ नहीं पा रहा है।
स्कूलों ने नोटिस का नहीं दिया जवाब
शिक्षा विभाग द्वारा 617 स्कूलों को भेजे गए नोटिस के बाद भी अधिकांश स्कूल ने शिक्षा विभाग को आरक्षित श्रेणी की रिक्त सीटों की जानकारी मुहैया नहीं कराई है। कितने स्कूलों ने नोटिस का जवाब दिया है, इसकी रिपोर्ट भी शुक्रवार को तैयार होगी।