दिल्ली विश्वविद्यालय की तर्ज पर इस बार शहर के कॉलेजों में कॉमर्स व साइंस स्ट्रीम की कटऑफ ने सबसे ऊंची छलांग लगाकर प्रोफेशन कोर्सों को पीछे छोड़ दिया है। शहर के कॉलेजों में पहली कटऑफ लिस्ट मंगलवार को नोटिस बोर्ड पर देखी जा सकेगी।
पहली कटऑफ लिस्ट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया भी मंगलवार से ही शुरू होने जा रही है। पिछले सप्ताह पूरी हुई आवेदन प्रक्रिया के बाद से कटऑफ लिस्ट को लेकर छात्रों की बैचेनी बढ़ी हुई थी। अब इंतजार की घडिय़ां खत्म हो गई हैं। पहली कटऑफ लिस्ट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया 5 से 9 जुलाई तक चलेगी।
यानि कटऑफ लिस्ट में नाम देखकर छात्र हाथों-हाथ फीस जमा कराकर कॉलेजों में दाखिला पा सकेंगे। पहली कटऑफ के आधार पर दाखिला लेने के तीन दिन के भीतर फीस जमा करानी होगी। ऐसा न करने पर संबंधित छात्र का दाखिला रद्द किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया के बाद अब कॉलेजों ने दाखिला प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
केएल मेहता दयानंद महिला कॉलेज, बल्लभगढ़ स्थित अग्रवाल कॉलेज और तिगांव स्थित राजकीय महिला कॉलेज ने सोमवार शाम मीडिया को कटऑफ जारी कर दी। पहली कटऑफ लिस्ट के अनुसार इस बार कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम की कटऑफ ने सबसे ऊंची छलांग लगाई है।
दयानंद महिला कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम में दाखिला केवल हाई स्कोरर छात्रों को ही मिल पाएगा। इस कॉलेज में ऑनर्स की कटऑफ 86 प्रतिशत (सामान्य) जा पहुंची है।
इसी तरह बीएससी नॉनमेडिकल 85.6 फीसदी और बीएससी मेडिकल की कटऑफ ने 85 प्रतिशत का आंकड़ा छू लिया है। अग्रवाल कॉलेज में सबसे ऊंची कटऑफ बीएससी नॉन मेडिकल की रही है। कटऑफ 85 प्रतिशत दर्ज की गई है। राजकीय कॉलेज तिगांव में बीएससी की कटऑफ सबसे ऊंची 78 फीसदी रही है।
नहीं लिया दाखिला तो करना पड़ेगा इंतजार
पहली कटऑफ में जगह बनाने वाले 9 जुलाई तक अपनी सीट पक्की करवा ले, यदि दाखिला नहीं लिया तो उन्हें अंतिम कटऑफ तक इंतजार करना पड़ेगा। दूसरी कटऑफ 9 जुलाई और तीसरी कटऑफ 13 जुलाई को जारी होगी।