महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के पांचवें सेमेस्टर में दाखिले के लिए पहले सेमेस्टर के सभी विषयों में उत्तीर्ण होने की शर्त का विरोध शुरू हो गया है।
बुधवार को छात्र संगठन एनएसयूआई ने इसको लेकर आपत्ति जताई और डीएवी कॉलेज के प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति में कार्यालय अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष कृष्ण अत्री ने कहा कि कॉलेज प्रशासन इस संदर्भ में विश्वविद्यालय पर दबाव बनाए। ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
कृष्ण अत्री ने बताया की विश्वविद्यालय द्वारा जो नियम जारी किया गया है, उसका छात्रों के भविष्य पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षा की गुणवत्ता के खिलाफ नहीं है लेकिन विश्वविद्यालय को यह नियम प्रथम सेमेस्टर के छात्रों पर लागू करना चाहिए।
पांचवें सेमेस्टर के छात्रों पर लागू इस नियम से सैकड़ों छात्र दाखिले से वंचित हो सकते हैं। छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर नियम में बदलाव नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर पंकज माल्या, भारत शर्मा, प्रिंस वासुदेव, मोहित, अभिषेक, पंकज, दीपक, ऋषभ, शालिनी, योगेश और कपिल कौशिक सहित अनेक छात्र मौजूद थे।