सरकारी कॉलेजों के बाद शुक्रवार को निजी कॉलेजों में भी मिशन एडमिशन का पहला चरण खत्म हो गया। अब छात्रों की नजर छह जुलाई को जारी होने वाली पहली कटऑफ पर है। निजी कॉलेजों में आवेदन का आखिरी दिन होने के कारण काफी चहल-पहल रही। यहां के तीन निजी कॉलेज डीएवी, दयानंद और अग्रवाल कॉलेज सहित कुल 4430 सीटों पर 12,340 आवेदन हुए।
दरअसल, 30 जून को दिल्ली विश्वविद्यालय की पहली कटऑफ लिस्ट बहुत ऊंची जारी हुई। कटऑफ में जगह न मिलने से मायूस छात्रों ने निजी कॉलेजों की तरफ रुख कर लिया। इस कारण शुक्रवार को आवेदन करने वाली की खासी भीड़ रही। डीयू में दाखिला न मिल पाने वाले छात्रों ने इस बार डीएवी कॉलेज को अपनी पहली पसंद बनाया है।
यहां शुक्रवार को 300 छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया। दोपहर तक हेल्प डेस्क पर भी विद्यार्थियों की भीड़ जुटी रही। सरकारी कॉलेजों में भी हार्डकॉपी जमा करने का आखिरी दिन होने के कारण घंटों लाइन में खड़े होकर विद्यार्थियों ने अपने दस्तावेज जमा किए। बता दें कि सरकारी कॉलेजों में 30 जून को ही आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो गई थी। अब सभी छात्रों को छह जुलाई को आने वाली कटऑफ का इंतजार है।
आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी शुरु
आवेदन प्रक्रिया पूरी होते ही शुक्रवार से मेरिट लिस्ट तैयार करने का सिलसिला शुरू हो गया। सभी आवेदनों की जांच की जा रही है। इस बार उच्चतर विभाग की ओर से ही मेरिट लिस्ट ऑनलाइन जारी होगी। ऐसे में लिस्ट तैयार करने के लिए कॉलेज प्रबंधक की ओर से स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। सभी कॉलेजों को 5 जुलाई शाम चार भजे तक लिस्ट विभाग को भेजनी होगी। वेबसाइट पर सुबह 10 बजे मेरिट लिस्ट अपलोड होगी।
सीट खाली रहने पर 15 जुलाई के बाद मौका
उच्चतर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 15 जुलाई के बाद किसी कॉलेज में सीट खाली रहती है, तो फिर से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे। छात्रों को 16 से 21 जुलाई तक आवेदन करना होगा। इसके लिए 50 रुपये लेट फीस लगेगी। आवेदन के अनुसार कटऑफ लिस्ट जारी होगी। जिसके आधार पर विद्यार्थी लेट फीस भुगतान कर दाखिला प्राप्त कर सकते हैं।
नहीं भरा एंटी रैगिंग फॉर्म, तो दाखिला रद्द
डीएवी कॉलेज के आईटी विभाग के सरोज ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया खत्म हो चुकी है, लेकिन 90 फीसदी विद्यार्थियों ने एंटी रैगिंग फॉर्म नहीं भरा है। पांच जुलाई तक विद्यार्थी यह फॉर्म एंटीरैगिंग.इन और अमनमूवमेंट.ओआरजी पर जाकर भर सकते हैं अन्यथा दाखिला रद्द माना जाएगा।
कितनी सीटों पर कितने आवेदन
कॉलेज कुल सीटें आवेदन
नेहरू कॉलेज 1600 12000
दयानंद कॉलेज 1110 3800
डीएवी कॉलेज 1460 6090
राजकीय महिला कॉलेज 660 1915
राजकीय कॉलेज तिगांव 740 1855
अग्रवाल कॉलेज 1860 2450