दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत सेमेस्टर की परीक्षाओं का दौर शुरू होने जा रहा है। सेमेस्टर परीक्षा शुरू होने से पहले ही कॉलेजों में उपस्थिति को लेकर टेंशन शुरू हो गई है। डीयू में कम उपस्थिति वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने से रोकने का प्रावधान है। ऐसे में कॉलेजों में कम उपस्थिति के चलते छात्रों के एडमिट कार्ड रोके जा रहे हैं। विवेकानंद कॉलेज में तो पचास से अधिक छात्रों को मेडिकल सर्टिफिकेट देने के बाद ही एडमिट कार्ड जारी किया गया।
एबीवीपी के प्रदेश संयुक्त सचिव चंदन ने बताया कि कम उपस्थिति के कारण विवेकानंद कॉलेज ने पहले व दूसरे वर्ष के छात्रों को एडमिट कार्ड जारी नहीं किए। इन छात्रों में ऐसे छात्र भी थे किसी न किसी समस्या के कारण कम उपस्थिति थी। बीते शुक्रवार से छात्र कॉलेज प्रशासन से एडमिट कार्ड के लिए गुहार लगा रहे थे। इनके लिए एबीवीपी ने भी शुक्रवार से विरोध शुरु किया था।
सोमवार को प्रशासन व छात्रों के बीच बातचीत के बाद लगभग 50 से अधिक छात्रों को मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए। अभी भी काफी छात्र ऐसे हैं जिनकी उपस्थिति महज 4 से 6 फीसदी तक है। ऐेसे छात्रों को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड मिलना मुश्किल है।
उल्लेखनीय है कि कॉलेजों में छात्र हर साल कक्षाएं लेने में लापरवाही करते हैं जिसकेकारण कम उपस्थिति की समस्या रहती है। एडमिट कार्ड लेने के लिए छात्र कॉलेज अजीबो-गरीब बहानों के साथ कॉलेज पहुंचते हैं।