दिल्ली विश्वविद्यालय में बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स के दाखिलों के लिए गेम चेंजर बनने वाले बीएमएस (बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज), बीबीए-एफआईए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन-फाइनेंशियल इनवेस्टमेंट एनॉलिसिस), व बीए ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स(बीबीई) में दाखिले के लिए जैट(ज्वाइंट एंट्रेस टेस्ट) परीक्षा आज होने जा रही है। तीनों कोर्सेज की 1200 सीटों के लिए यह परीक्षा देश के दस शहरों में दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन होगी।
देशभर से इस परीक्षा में कुल 15,800 परीक्षार्थी बैठेंगे। जबकि दिल्ली-एनसीआर से सबसे अधिक 13 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। बाकी अन्य शहरों से 2800 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस बार परीक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स को नोडल कॉलेज बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि देशभर में इन तीनों कोर्सेज में दाखिले के लिए पहली बार ऑनलाइन परीक्षा होने जा रही है। देशभर से ज्वाइंट एंट्रेस टेस्ट(जैट) के लिए 15 हजार 800 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। चूंकि दिल्ली-एनसीआर से सबसे अधिक परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा देंगे, लिहाजा दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा 8 परीक्षा सेंटर बनाए गए हैं। बाकी नौ शहरों में करीब 15 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। जिसमें से सही जवाब के लिए 4 अंक और गलत जवाब देने पर निगेटिव मार्किंग के रूप में एक अंक काटा जाएगा।
प्रवेश परीक्षा संपन्न होने के बाद शाम 6-7 बजे तक आंसर-की ऑनलाइन अपलोड कर दी जाएगी। आंसर-की अपलोड किए जाने में दिक्कत आने पर रविवार को इसे अपलोड किया जा सकता है। चार से पांच दिनों के बाद प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। रिजल्ट घोषित होने के दो से तीन दिन बाद मेरिट के आधार पर ही दाखिला लिया जाएगा। मालूम हो कि इस बार जैट से साक्षात्कार व ग्रुप डिस्कशन को समाप्त कर दिया गया है। केवल प्रवेश परीक्षा की 65 फीसदी वेटेज और बारहवीं के 35 फीसदी अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी।