केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जेईई मेन 2018 में आवेदनकर्ताओं को राहत दी है। दरअसल, बोर्ड ने आवेदन फॉर्म में ब्योरा सुधारने की सुविधा बीते मंगलवार से उपलब्ध करवाई है।
हालांकि, इस सुविधा के तहत उम्मीदवार परीक्षा के माध्यम ( ऑफलाइन या ऑनलाइन) में बदलाव नहीं कर सकेंगे। परीक्षार्थी अपने फॉर्म में 22 जनवरी तक सुधार कर सकेंगे। सीबीएसई की ओर से देखा गया है कि फॉर्म भरने में आवेदकों ने कुछ गलतियां की हैं।
लिहाजा उनमें सुधार करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बोर्ड ने आवेदकों को सलाह दी है कि वह जेईई मेन की वेबसाइट पर जाकर अपने ब्यौरे को जांच लें। यदि कुछ गलत, अधूरा या त्रुटि पाते हैं तो वह उसमें सुधार कर सकते हैं।
ध्यान देने वाली बात यह होगी यह मौका सिर्फ एक ही बार मिल सकेगा। वहीं, सुधार के लिए फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, ई-वालेट, व ई-चालान के माध्यम से 23 जनवरी तक कर सकते हैं।
बोर्ड ने उम्मीदवारों को चेताया है कि अंतिम समय में किसी भी प्रकार के सुधार से बचें। चूंकि सुधार का यह अंतिम अवसर है लिहाजा इसे ध्यानपूर्वक करें। उल्लेखनीय है कि सीबीएसई की ओर से जेईई मेन की ऑफलाइन परीक्षा 08 अप्रैल व ऑनलाइन परीक्षा 15 व 16 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।