सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि बीते 8 अप्रैल को जेईई मेन की ऑफलाइन परीक्षा को देश-विदेश में फैले 1621 सेंटरों पर लगभग 10.43 लाख पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए सफलतसपूर्वक आयोजित किया।
उल्लेखनीय है कि परीक्षा संपन्न होने के बाद से ऐसी अफवाह थी कि जेईई मेन की परीक्षा में भौतिकी में 7-8 सवाल एक कोचिंग संस्थान नारायण अकादमी के 2016 के मॉक टेस्ट में पूछे सवालों के समान थे।
यह खबर http://cisthetaglobal.com/is-jee-2018-physics-paper-copied-from-model-paper-of-a-famous-coaching/ पर प्रकाशित हुई।
बोर्ड के अनुसार लिंक के प्रतिनिधि ने ऑन रिकॉर्ड कहा कि यह सामग्री वाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त हुई और वेबसाइट पर अपलोड की गई। उन्होंने लिंक पर डाली गई सामग्रियों की कोई जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
वेबसाइट ने सीबीएसई को बताया कि तथ्यों को वेरिफाई नहीं किया और उनकी नीति के अनुसार पर वह वेबसाइट पर अपलोड की गई जानकारी के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। सीबीएसई का कहना है कि वेबसाइट मालिकों के इस रवैये ने जनता में चिंता व संदेह पैदा किया है।
सीबीएसई के अनुसार, नारायण कोचिंग अकादमी के प्रवक्ता ने बताया कि वेबसाइट पर डाली गई छवि उनके कोचिंग अकादमी की नहीं है। अकादमी के अनुसार यह फर्जी, बेबुनियाद और गढ़ा हुआ है।