केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से बीते साल 1 दिसंबर से शुरू हुई जेईई मेन 2017 की आवेदन प्रक्रिया बीती रात (16 जनवरी) को समाप्त हो गई। हालांकि, आवेदक मंगलवार 17 जनवरी तक आवेदन शुल्क जमा करा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान फॉर्म भरने में काफी आवेदकों ने गलतियां की हैं। ऐसे में अब सीबीएसई फॉर्म के ब्यौरे में गलती सुधारने का अवसर देने जा रहा है। यह सुविधा जेईई मेन की वेबसाइट पर 25 जनवरी से 3 फरवरी तक मिलेगी।
सीबीएसई की ओर से जेईई मेन 2017 की परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया में देखा गया कि फॉर्म भरने में आवेदकों से कुछ गलतियां हो गई हैं। लिहाजा अब उनमें सुधार करने के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सीबीएसई ने आवेदकों को सलाह दी है कि वह जेईई मेन की वेबसाइट पर जाकर अपने ब्यौरे को जांच लें। ब्यौरे में यदि वे कुछ गलत, अधूरा या त्रुटि पाते हैं तो वह उसमें सुधार कर सकते हैं।
सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि वह अपने ब्यौरे में परीक्षा के माध्यम (ऑनलाइन से ऑफलाइन) में बदलाव करने की अनुमति नहीं मिलेगी। सुधार करने की सुविधा एक ही बार दी जाएगी और यही सुधार के लिए अंतिम अवसर होगा। बोर्ड ने चेताया है कि अंतिम समय में भी सुधार करने से बचें। बोर्ड ने कहा है कि यह चूंकि सुधार करने का अंतिम अवसर है लिहाजा वह ध्यानपूर्वक सुधार करें। उल्लेखनीय है कि जेईई मेन की ऑफलाइन परीक्षा 2 अप्रैल को व ऑनलाइन परीक्षा 8 व 9 अप्रैल को होनी है।