जेबीटी शिक्षकों की भर्ती मामले को हाइकोर्ट में चुनौती दिए जाने से शिक्षकों के पसीने छूट गए हैं। नियुक्ति पत्र न दिए जाने से नाराज जेबीटी शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को विरोध दर्ज कराया। इसके बाद विभाग ने अन्य जिलों से जानकारी लेने के बाद कुछ जेबीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए, लेकिन नियुक्ति की लाइन में खड़े करीब 600 शिक्षक निराश लौटे।
जिला शिक्षा विभाग ने रजिस्टर में हाजिरी लगवाकर इन शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण तो करवा दिया, लेकिन शिक्षकों के हाथ में नियुक्ति पत्र नहीं थमाया गया है। ऐसे में हाईकोर्ट में दी गई चुनौती से शिक्षक पसोपेश की स्थित में हैं।
हर कोई नियुक्ति पत्र हांसिल करने की जद्दोजहद में दिखा। नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं या फिर नहीं, इसको लेकर दिनभर अधिकारी शिक्षा निदेशालय संपर्क साधते रहे। नियुक्ति पत्र मांगने पर अडे रहने के बाद शिक्षा विभाग ने अन्य जिलों की स्थिति को पता किया।
वहां के अधिकारियों से जेबीटी को लेकर स्थिति को जाना। बताया जा रहा है कि विभाग नियुक्ति पत्र देने के लिए सहमत हो गया है, लेकिन सभी शिक्षक एक साथ पत्र दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार तक 600 जेबीटी शिक्षकों के रजिस्टर पर हस्ताक्षर लेकर कार्यभार ग्रहण करा दिया गया। अब 123 जेबीटी शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण कराना शेष रह गया है। कार्यभार ग्रहण करने वाले जेबीटी शिक्षक नियुक्ति पत्र दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
कार्यभार ग्रहण करने वाले सभी जेबीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। एक मई को ज्वाइन करने वाला शिक्षक अब भी नियुक्ति पत्र के लिए भटक रहे हैं।
-मुकेश गर्ग, जिला सचिव, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ
विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर ली गई है। विभाग नियुक्ति पत्र देने को तैयार है। हम जेबीटी शिक्षकों के साथ खड़े हैं। विभाग ने नियुक्ति पत्र देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
-चत्तर सिंह, प्रधान, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ
कार्यभार ग्रहण करने वाले जेबीटी शिक्षकों को नियु़क्ति पत्र शुक्रवार से दिए जाएंगे। बृहस्पतिवार को कुछ शिक्षक को पत्र दिया गया है।
-शशि अहलावत, उप जिला शिक्षा अधिकारी