शहर का सबसे बड़ा सरकारी कॉलेज डिजिटल होने की राह पर है। सेक्टर-16 स्थित जवाहरलाल नेहरू राजकीय कॉलेज वाईफाई से लैस होने जा रहा है। यह शहर का पहला सरकारी कॉलेज होगा। अब इस कॉलेज के विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान इसका जी भरकर प्रयोग कर सकेंगे।
इसके लिए संबंधित कंपनी ने कॉलेज कैंपस में लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह में कार्य पूर्ण होते ही वाईफाई की सुविधा शुरू हो जाएगी।
उसके बाद विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान इंटरनेट का प्रयोग कर सकेंगे। निजी कॉलेज ने स्वयं को डिजिटल बनाने के लिए पहले ही कदम उठाने शुरू कर दिए थे। नेहरू कॉलेज के वाईफाई से लैस होने से कई तरह की सुविधा कॉलेज को मिलनी शुरू हो जाएगी। कॉलेज में करीब 4 हजार की संख्या में विद्यार्थी हैं। इसके अलावा यहां कंप्यूटर से जुड़े प्रोफेशनल कोर्स को काफी फायदा होगा।
कॉलेज प्रोफेसर नीलम दहिया ने बताया कि रिलायंस के जियो द्वारा वाईफाई सुविधा शुरू करने के बाद मार्च 2017 तक छात्र छात्राओं को मुफ्त में इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। इससे छात्र छात्राओं के साथ कॉलेज फैकल्टी को डिजिटल बनाने की राह में बड़ा कदम होगा। इससे कॉलेज कैंटीन भी डिजिटल हो जाएगी।
वाईफाई के लिए लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। एक सप्ताह में कार्य पूर्ण हो जाएगा। उसके द्वारा पढ़ाई के लिए विद्यार्थी वाईफाई का प्रयोग कर सकेंगे।
-विमला विश्नोई, प्राचार्य, राजकीय नेहरू कॉलेज फरीदाबाद