जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का बचपन विकास एवं अनुसंधान केंद्र (सीईसीडीआर) बाल पालन पोषण संबंधी देखभाल के कार्यों से जुड़े दिल्ली के सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षण दे रहा है।
इन अधिकारियों के साथ पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम खत्म हो गया है। दिल्ली सरकार की महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ ऐसी ही चार प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
सीईसीडीआर के निदेशक प्रो. जुबेर मीनाई के मुताबिक, यह भारत में पहला व अकेला ऐसा कार्यक्रम है जो कि बाल पोषण संबंधी देखभाल से जुड़े सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षित कर रहा है।
सीईसीडीआर ने बाल पालन पोषण संबंधी देखभाल पर कई अनुसंधान किए हैं और कई मानक प्रक्रियाएं विकसित की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिला बाल संरक्षण इकाइयों, बाल कल्याण समितियों, विशिष्ट दत्तक ग्रहण एंजेसियों को मजबूत बनाना है जिससे कि वह परिवारों को मजबूत बनाने और बाल पालन पोषण के क्षेत्र में बेहतर काम कर सकें।
इस कार्यक्रम का एक अन्य उद्देश्य भारत सरकार के 2016 के बाल-पालन पोषण संबंधी गाइड लाइंस के विषय में सरकारी अधिकारियों को बताना है। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों को बाल पालन पोषण संबंधी, गोद लेने, के कानूनी प्रावधानों के विषय में भी बताया गया।