राजधानी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) प्रशिक्षित छात्रों को अब रोजगार के लिए भटकना नहीं होगा। इन छात्रों को रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए दिल्ली सरकार के दिल्ली प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान ने बादली औद्योगिक एसोसिएशन के साथ करार किया है।
ऐसा होने से अब बादली औद्योगिक इकाइयों में नौकरी के दरवाजे खुल जाएंगे। दिल्ली प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान के निदेशक मनोज कुमार और बादली औद्योगिक एसोसिएशन के ए.के कॉल की ओर से एमओयू (समझौता पत्र) पर हस्ताक्षर किए गए।
मनोज कुमार ने इसे सरकार की ओर से नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की इस पहल से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं औद्योगिक इकाइयों को कुशल कर्मचारियों के लिए भटकना नहीं होगा।
हर साल आईटीआई से बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न कोर्स में प्रशिक्षित होकर निकलते हैं। मनोज कुमार के मुताबिक इस योजना को मूर्त रूप देने में मोटिफ कैपेसिटर कंपनी की ओर से सहयोग मिला है। उल्लेखनीय है कि बादली औद्योगिक क्षेत्र में चार सौ से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं।