डीयू ने प्रवेश परीक्षा आधारित पीजी कोर्सेज को लेकर सोमवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की घोषणा की है। सोमवार को शाम चार बजे इसे लेकर डीयू दिशा-निर्देश जारी करेगा। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि आवेदन प्रक्रिया सोमवार सुबह के बजाए देर शाम या मंगलवार से शुरू होगी।
डीयू प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सेज के लिए पहले ही दो बार 31 मई से सात जून, फिर सात से 12 जून के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि टाल चुका है। अब 12 जून से भी आवेदन शुरू होने की उम्मीद कम ही है, क्योंकि शाम चार बजे डीयू ने पीसी कोर्सेज में आवेदन के लिए बने दिशा-निर्देश के लिए मीडिया को बातचीत के लिए बुलाया है। उधर, विवि प्रशासन का कहना है कि दिशा-निर्देश जारी करने के बाद जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन की लाइनें खोल दी जाएंगी।
हालांकि विश्वविद्यालय अभी भी प्रवेश परीक्षा आधारित आठ स्नातक पाठ्यक्रमों के आवेदन शुरू करने को लेकर कुछ भी कहने से बच रहा है।
सभी पाठ्यक्रम प्रोफेशनल
डीयू में प्रवेश परीक्षा आधारित आठ स्नातक पाठ्यक्रम हैं और सभी पाठ्यक्रम प्रोफेशनल हैं। इसमें हर साल बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन करते हैं। स्नातक के जिन आठ कोर्सेज में प्रवेश परीक्षा से दाखिले होते हैं उसमें बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, बीए ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स, बीए ऑनर्स ह्यूमनिटीज एंड सोशल साइंसेज, बैचलर ऑफ एलिमेंट्री एजुकेशन (बीईएलईडी), बैचलर ऑफ साइंस इन फिजिकल एजुकेशन हेल्थ एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीए ऑनर्स मल्टी मीडिया एंड मास कम्यूनिकेशन और बीटेक इन इनफॉरमेशन टेक्नॉलजी एंड मैथमेटिकल इनोवेशन शामिल हैं।