चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में पिछले साल की अपेक्षा इस बार दाखिले को लेकर खींचतान की स्थिति रहेगी। यूपी बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में चार फीसदी की बढ़ोत्तरी इसकी प्रमुख वजह मानी जा रही है।
वहीं कॉलेजों में सीटें भी कम हैं। ऐसे में बादलपुर स्थित कुमारी मायावती राजकीय महिला महाविद्यालय और दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज दाखिले के लिए इस बार मारामारी रहेगी। साल 2015 में 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 88.72 फीसदी था, इसमें 15508 छात्रों में 13759 छात्र उत्तीर्ण हुए थे। उस दौरान दोनों कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम की जनरल कट ऑफ मेरिट लगभग 65 फीसदी पर आकर रुकी थी, जबकि शुरुआत 90 फीसदी अंकों वाले छात्रों से हुई थी।
इस साल के 12वीं के परिणाम पर नजर डालें तो 4 फीसदी वृद्धि के साथ 92 फीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए। इसमें 16325 छात्रों में से 14211 छात्र उत्तीर्ण हुए। इस बार करीब 1000 छात्र बढ़ गए हैं। मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर भीकम सिंह ने बताया कि 12वीं में बेहतर परिणाम से इस बार 65 या 70 फीसदी से कम अंक लाने वाले छात्रों को निराशा हाथ लगेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार यूनिवर्सिटी ने सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के छात्रों को दाखिले के लिए कोटा भी बढ़ा दिया है। जिसका नुकसान यूपी बोर्ड के छात्रों को ही उठाना पड़ेगा। उम्मीद की जा रही है कि 15 जून से पहले दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।