दिल्ली विश्वविद्यालय में नॉन कॉलेजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में तीसरी कटऑफ के दाखिलों के बाद भी छात्राओं के पास बीए व बीकॉम में दाखिले का पूरा मौका है।
एनसीवेब की 11 हजार से अधिक सीटों के लिए तीसरी कटऑफ तक लगभग पांच हजार दाखिले हुए हैं। इस तरह से अब भी 6 हजार से अधिक सीटों पर दाखिले की गुंजाइश बनी हुई है।
छात्राओं के लिए राहत की बात यह है कि बीकॉम से लेकर बीए की चौथी कटऑफ में तीन से सात फीसदी तक की गिरावट की संभावना है। किसी-किसी सेंटर पर यह गिरावट ज्यादा भी हो सकती है। अब बृहस्पतिवार को चौथी कटऑफ जारी की जाएगी।
एनसीवेब में बुधवार को तीसरी कटऑफ के दाखिले का अंतिम दिन था। अन्य दिनों की तरह ही एनसीवेब के सभी 25 सेंटरों पर बड़ी संख्या में दाखिले हुए। पहली कटऑफ से शुरू हुई दाखिलों ने ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि अब तक लगभग पांच हजार दाखिले हो चुके हैं।
एनसीवेब की निदेशक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि तीसरी कटऑफ में जिस तरह से दाखिले हुए हैं उससे बीए व बीकॉम में छात्राओं के पास दाखिले का पूरा मौका होगा।
बीकॉम प्रोग्राम में तो किसी भी सेंटर पर दाखिले बंद नहीं होंगे लेकिन बीए प्रोग्राम में सामान्य व एससी श्रेणी के लिए कहीं-कहीं दाखिले बंद हो सकते हैं। जहां तक कटऑफ में गिरावट की बात है तो न्यूनतम 3 से 6 फीसदी की गिरावट हो सकती है।
जबकि कटऑफ में अधिकतम गिरावट छह से सात फीसदी तक की होगी। अब चौथी कटऑफ 28 जुलाई को जारी होगी और उसके आधार पर 29 जुलाई, 30 जुलाई व 1 अगस्त तक दाखिले होंगे।
उल्लेखनीय है कि बीकॉम में नॉन बीकॉम छात्राओं के दाखिला लेने पर उनके अंकों में से पांच फीसदी की कटौती होती है। जबकि बीए प्रोग्राम में दाखिले के लिए किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाती।