नर्सरी में अपने बच्चों का दाखिला करवाने के लिए अभिभावक रिस्क लेना नहीं चाहते हैं। 2018-19 सत्र के लिए राजधानी के नामी स्कूलों में संशय को देखते हुए एनसीआर की शाखाओं का वह रुख करने लगे हैं।
एनसीआर में सीट पक्की कर वह दिल्ली में शुरू होने वाले दाखिला प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। कुछ अभिभावक सोनीपत के नजदीक कुंडली तो कुछ ने नोएडा व गाजियाबाद के स्कूलों में सीट पक्की करा ली है।
एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा के मुताबिक, फोरम पर ऐसी जानकारी मिल रही है कि कुछ अभिभावकों ने दिल्ली में दाखिला नहीं हो पाने के डर से एनसीआर के स्कूल में दाखिला ले लिया है।
उत्तरी दिल्ली में रहने वाले एक अभिभावक ने कुंडली स्थित मॉडर्न स्कूल में सीट पक्की करवा ली है। वह दिल्ली में शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया में भी आवेदन करेंगे। अच्छे स्कूल में दाखिला होने के बाद वह बच्चे का दाखिला यहां से रद्द करवा देंगे।
मयूर विहार, सरिता विहार, न्यू फ्रैंडस कॉलोनी, वसुंधरा एंकलेव, बदरपुर, गाजीपुर, कापसहेड़ा, विवेक विहार, पीतमपुरा, जहांगीरपुरी, आदर्श नगर में रहने वाले अभिभावक हैं, जो एनसीआर में दाखिला दिलाने से परहेज नहीं कर रहे।
दिल्ली में प्वाइंट सिस्टम के फेर में अक्सर बच्चे का दाखिला नहीं हो पाता है। ऐसे में एहतियातन एनसीआर के एक स्कूल में सीट पक्की की है। सुमित वोहरा ने कहा कि चूंकि दिल्ली के नामचीन स्कूलों में 100 अंकों के क्रायटेरिया में सिबलिंग व पूर्व छात्रों के ज्यादा अंक दिए जाते हैं। ऐसे में कुछ एक का ही दाखिला नामचीन स्कूलों मेें हो पाता है।
जानकारी लेने लगे अभिभावक
सुमित वोहरा ने बताया कि दिल्ली में अभी नर्सरी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है लेकिन अभिभावकों ने दाखिलों को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वह जानना चाहते हैं कि दाखिले के लिए क्रायटेरिया कब जारी होंगे। दाखिले में कितनी स्वायत्तता मिलेगी। उम्मीद है कि जनवरी के पहले सप्ताह से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाए।