जेईई मेंस 2018 में ऑनलाइन आवेदन करते वक्त अपलोड की गई फोटो, हस्ताक्षर की छवि में विसंगति को उम्मीदवार सुधार सकते हैं। हालांकि, विसंगति हटाने वालों पर सीबीएसई की सीधी नजर रहेगी।
सुरक्षा कारणों के चलते बोर्ड सुधार करने वालों का आईपी एड्रेस मॉनिटर कर रहा है। ऐसा एकाउंट की जानकारी गलत हाथों में नहीं जाए इसलिए किया जा रहा है। सीबीएसई की ओर से आयोजित होनी वाली जेईई मेंस में आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू हो चुकी है।
1 जनवरी आवेदन का अंतिम दिन होगा। ऑनलाइन आवेदन के दौरान फॉर्म के साथ उम्मीदवारों के फोटो, हस्ताक्षर व माता-पिता के हस्ताक्षर की छवि अपलोड करने में किसी प्रकार की विसंगति को बाद में सुधारा जा सकता है।
सुधार के लिए वेबसाइट पर जाकर ऐप्लीकेशन नंबर, व पासवर्ड डालना होगा। साथ ही सिक्योरिटी पिन भरना होगा। यह प्रक्रिया वही उम्मीदवार पूरी कर सकेंगे जिन्होंने आवेदन के लिए पंजीकरण किया होगा। सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि उम्मीदवारों का आईपी मॉनिटर किया जा रहा है।
यह जानकारी विसंगति दूर करने वाली विंडो पर भी जारी की गई है। जैसे ही विंडो खोला जाएगा, आईपी एड्रेस साइट पर आ जाएगा। इस तरह से कोई अन्य भी इसे खोलने का प्रयास करेगा तो उसके कंप्यूटर की जानकारी बोर्ड पास भी पहुंच जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि विंडो को काम खत्म करने के बाद लॉगआउट जरूर कर दें। वहीं, पासवर्ड भी सीमित अंतराल पर बदलने के लिए कहा गया है।