बुराड़ी विधानसभा स्थित सरकारी स्कूलों के स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) सदस्यों के सभा का आयोजन किया गया। सभा में विधानसभा में मौजूद 15 स्कूलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। रविवार को आयोजित सभा में सिसोदिया ने कहा कि सरकार अभिभावकों के साथ संवाद बनाकर सरकारी स्कूलों की समस्याएं खत्म करना चाहती है।
उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि स्कूलों में आने वाली समस्याओं से सरकार को अवगत कराएं। जिससे उन्हें दूर किया जा सके। बुराड़ी विधानसभा स्कूलों की यह पहली एसएमसी सभा थी। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। क्षेत्र में स्थित स्कूलों में आने वाली दिक्कतों से शिक्षा विभाग के अधिकारियों शिक्षा मंत्री को अवगत कराया।
सरकार की ओर से स्कूलों को सुधारने के लिए बनाई गई योजनाओं के बारे में बताया गया। इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश भी दिया।