हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन ग्रुप सी के पदों पर भर्ती के लिए अब पेपर लेस एक्जाम लेगा। फ्यूचर में लिखित परीक्षा कंप्यूटर पर ही ली जायेगी। उम्मीदवारों को कंप्यूटर पर प्रश्र के लिए जो उत्तर देना होगा उसे टिक करना होगा। हरियाणा के इतिहास में नौकरी के लिए पहली बार पेपर लेस परीक्षा 25 जून से शुरू की जा रही है।
यह जानकारी देते हुए हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन भारत भूषण भारती ने बताया कि कमीशन ने तय किया है कि जिन पदों के लिए कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा ली जा सकती है उनकी परीक्षा पेपर लेस होगी। कंप्यूटर पर उम्मीदवार को अपने प्रश्र के उत्तर में जो चार विकल्प दिये जायेंगे उनमें से किसी एक पर टिक मार्क करना होगा। उम्मीदवारों को डेढ घंटे में सौ प्रश्रों के उत्तर देने होंगे। एक प्रश्र के दो अंक तय किये गये हैं। उम्मीदवार अगर चाहे तो टिक लगाने के बाद अपना उत्तर बदल भी सकता है। लिखित परीक्षा में टिक मार्क लगने के बाद उत्तर बदला नहीं जा सकता था।
टेस्ट के अंत में जब उम्मीदवार अपना प्रश्र पत्र समाप्त करेगा तो उसे स्क्रीन पर पता लगेगा कि कितने प्रश्रों के उत्तर दिये गये हैं। परीक्षा केंद्रों पर एक घंटे पहले पहुँचना होगा। परीक्षा केंद्र के अंदर हर उम्मीदवार को सीट अलॉट होगी। उन्हें पाँच मिनट मिलेंगे ताकि कंप्यूटर चेक कर सकें। कंप्यूटर पर परीक्षा लेने की शुरूआत कंप्यूटर ऑपरेटर और फील्ड इंस्पेक्टर के पदों से होगी। 25 जून को स्वास्थ्य विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर और 30 जून को हैफेड स्टोर के फील्ड इंस्पेक्टर पदों के लिए पेपर लेस एक्जाम आयोजित होंगे। कमीशन ने इसके लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्रों का इंतजाम किया है।
कई हजार प्रश्रों का डेटा बैंक तैयार किया गया है। कंप्यूटर ऑपरेटर स्वास्थ्य विभाग के पदों के लिए दो शिफ्टों में लिखित परीक्षा होगी जबकि फील्ड इंस्पेक्टर पदों के लिए एक ही दिन में तीन शिफ्टों में परीक्षा होगी। कमीशन ने चूंकि यह पहली बार व्यवस्था अपनाने का फैसला लिया है इसलिए उम्मीदवारों को अभ्यास के लिए वेबसाइट पर मॉक टेस्ट का लिंक दिया गया है। उम्मीदवार ऑनलाइन वेबसाइट पर इस लिंक पर अभ्यास कर सकता है। अभ्यास के लिए कोई सीमा तय नहीं की गई है। यानि जितनी बार मर्जी चाहे उम्मीदवार अभ्यास कर सकता है। इस व्यवस्था के करने से न पेपर लीक का खतरा रहेगा और नहीं नकल हो सकेगी।