9वीं और 11वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में धांधली से निपटने के लिए हरियाणा बोर्ड की तरफ से नई पहल की जा रही है। बोर्ड की टीम जिलावार उत्तर पुस्तिकाओं की रेंडम चेकिंग करेगी। अगले एक सप्ताह में इस प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया जाएगा। जांच किस स्कूल में होगी और किस विषय की उत्तर पुस्तिकाओं की होगी, इसका खुलासा नहीं किया गया है। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में हेराफेरी पाए जाने पर संभावित स्कूल के मुखिया के खिलाफ तो कार्रवाई होगी। साथ ही परीक्षा के दौरान जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगी थी वो भी नपेंगे।
प्रदेश में इस बार कक्षा 9वीं एवं 11वीं की परीक्षा को बोर्ड की तर्ज पर कराने के प्रयास किए गए, लेकिन प्रश्रपत्र आउट होने के कारण योजना फेेल साबित हुई। हरियाणा बोर्ड को उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में धांधली का शक है। मसलन, जिस स्कूल में परीक्षा आयोजित हुई, उसी स्कूल के शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की। माना जा रहा है कि ऐसी स्थिति में स्कूल के प्रदर्शन को ध्यान में रख जांच में गड़बड़ी हो सकती है। जिसको ध्यान में रखते हुए हरियाणा बोर्ड ने रेंडम चेकिंग का निर्णय लिया है।
यानी फरीदाबाद जिले में एक हजार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी। बाकायदा, इसके लिए बोर्ड की तरफ से नियुक्त किए गए शिक्षक किसी भी स्कूल में जाकर किसी भी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेंगे। लापरवाही सामने आने पर स्कूल के मुखिया और परीक्षा केंद्रों में तैनात शिक्षकों की मुश्किलें तो बढ़ेंगी ही। इसके साथ ही शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी का अहसास भी होगा। 15 मई तक उत्तर पुस्तिकाओं को एकत्रित करने की तैयारी है।