हरियाणा बोर्ड के तहत 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम इस बार 20 मई तक घोषित किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने अपनी तरफ से तैयारियां शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि 15 मई तक मार्किग का कार्य पूरा होने के बाद परीक्षा परिणाम की घोषणा कभी की जा सकती है। इसके लिए बोर्ड चेयरमैन ने सभी को निर्देशित कर दिया है।
हरियाणा बोर्ड का परीक्षा परिणाम गत वर्ष 22 से 25 मई के मध्य घोषित हुआ था। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार साढ़े सात लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया है। ऐसे में 20 मई को परीक्षा परिणाम तैयार कर घोषित करना बोर्ड के लिए चुनौती होगी।
इसके लिए परिणाम को ऑनलाइन से जोडने के लिए तैयारी अभी से शुरू हो गई है। बोर्ड ने इस बार जैसे ही परीक्षा होती गई, उनकी मार्किग का कार्य एडवांस में शुरू कर दिया है। इसके लिए बोर्ड ने बैठक कर प्लानिंग बना ली थी।
प्रदेश के 90 केंद्रों पर हो रही मार्किंग
20 मई को परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के मद्देनजर प्रदेश के 90 केंद्रों पर मार्किंग का कार्य शिक्षक एवं मुख्य परीक्षकों द्वारा किया जा रहा है। इसमें 10 वीं की परीक्षा के लिए 62 एवं 12 वीं की परीक्षा के लिए 28 केंद्रों को बनाया है।
इन 90 केंद्रों पर निगरानी के लिए 30 टीम प्रदेश भर में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। ऐसे में देखा जा रहा है कि एक टीम की निगरानी में 3 उत्तरपुस्तिका मार्किग केंद्रों का जिम्मा है।
जल्दबाजी के चक्कर में नपेंगे शिक्षक
यदि इस बार शिक्षक घर जल्दी जाने के चक्कर में उत्तरपुस्तिका में खामियां रखते हैं। यदि दोबारा जांच में गलतियां सामने आती है, तो किसी को नहीं बख्शा जाएगा।
इसके लिए नियम 8 के तहत बर्खास्त करने एवं वेतन वृद्धि रोकने का प्रावधान है। जिन शिक्षकों के घर जल्दी जाने एवं समय से पहले केंद्र को छोड़ने की शिकायत आ रही है, उनके लिए अंत समय में छापेमारी की जा रही है।