दिल्ली सरकार सभी सरकारी स्कूलों के स्टाफ रूम को सुविधायुक्त बनाएगी। इसके तहत उसमें चाय व कॉफी के लिए वेडिंग मशीनें लगाई जाएंगी, ताकि शिक्षकों को नि:शुल्क चाय व कॉफी मिल सके।
शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले कैबिनेट लॉकर भी दिए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा निदेशालय को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।
डिप्टी सीएम व शिक्षा मंत्री सिसोदिया का कहना है कि बीते एक साल में कई स्कूलों के दौरे पर पाया गया है कि स्कूलों में स्टाफ रूम भी बुरे हाल में हैं।
दीवारों से प्लॉस्टर उतरा हुआ है, फर्श टूटे हैं व फर्नीचर को भी मरम्मत की जरूरत है। ऐसे मेें शिक्षकों के हिसाब से स्टाफ रूम को संवारने व उनमें आधुनिक सुविधाएं लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत उच्च गुणवत्ता वाले कैबिनेट लॉकर भी दिए जाएंगे, ताकि शिक्षक निजी व शैक्षिक सामग्री को सुरक्षित रख सकें।