गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (जीबीयू) में चल रही पहले चरण की काउंसलिंग के तहत सोमवार को बीटेक (आईटी) कोर्स में दाखिला की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं एमटेक की अलग-अलग ब्रांच की सीटों पर एडमिशन के लिए भी अभ्यर्थियों को कैटगरी और रैंक के आधार पर बुलाया गया है। इसके अंतर्गत रजिस्ट्रेशन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और सीटें आवंटित की जाएंगी। यह प्रक्रिया 28 जून तक जारी रहेगी।
बीटेक (आईटी) की 60 सीटों पर दाखिला लेने के लिए प्रवेश परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों की काउंसलिंग में आल इंडिया रैंक 1 से लेकर 120 रैंक पाने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। काउंसलिंग में एमटेक की अलग-अलग ब्रांच में विशेषज्ञता प्राप्त करने वाले उन अभ्यर्थियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने ऑनलाइन च्वाइस लॉक कर सीटें पक्की कर ली हैं।
पहले दिन सोमवार को केवल जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है। मंगलवार को ओबीसी और एससी-एसटी कैटगरी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रक्रिया में शामिल होने के लिए छात्रों को सुबह 9:30 से 11 बजे के बीच विश्वविद्यालय में रिपोर्ट करना होगा।
इसके बाद सभी छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद छात्र 10 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कर अपनी सीट पक्की कर सकेंगे। निर्धारित समय पर दाखिला नही लेने पर रजिस्ट्रेशन शुल्क वापस नहीं होगा।