कश्मीरी गेट इलाके में सीबीआई अधिकारी बनकर बदमाशों ने एक फर्म के कर्मचारी से लाखों रुपये उड़ा लिए। बदमाशों ने पीड़ित के पास ड्रग्स होने की बात कहकर डराया और तलाशी लेने के बहाने जैकेट से पांच लाख रुपये निकाल लिए। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शैलेश कुमार (38) मूलत: गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला है। दिल्ली के कूचा घासीराम इलाके में रहता है। वह चांदनी चौक स्थित कमलेश कुमार कांतिलाल फर्म में काम करता है।
15 जुलाई को उसने कश्मीरी गेट थाना इलाके में ठगी कर पांच लाख चुराने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उसने बताया कि वह अपने फर्म के कानपुर स्थित कार्यालय से पांच लाख रुपये लेकर दिल्ली स्थित कार्यालय आ रहा था। वह रिक्शा से कार्यालय की ओर जा रहा था।
नोवेल्टी सिनेमा हॉल से आगे करीब 40 से 45 साल के दो लोगों ने उसे रोका। एक शख्स ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया और कहा कि उनके पास सूचना है कि वह ड्रग्स का खेप लेकर जा रहा है। मना करने के बावजूद उसने तलाशी देने के लिए कहा।
इसी दौरान आरोपी के दो सहयोगी बाइक से वहां पहुंच गए। इस बीच एक शख्स उसकी तलाशी लेने लगा। तलाशी के बाद उसने जैकेट वापस कर दी और कहा कि वह सीधे अपने कार्यालय चला जाए। कार्यालय पहुंचने के बाद शैलेश को जैकेट से पांच लाख रुपये गायब मिले।