वाईएमसीए यूनिवर्सिटी ने होनहार विद्यार्थियों के प्रोत्साहन और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय विश्व प्रकाश मिशन (ट्रस्ट) के साथ समझौता किया है। मिशन छात्रवृत्ति के लिए चयनित विद्यार्थियों की पढ़ाई का खर्च वहन करेगा। इसके लिए शैक्षणिक सत्र 2017-18 में चार विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
कुलपति दिनेश कुमार ने विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से पढ़ाई में सहयोग के लिए मिशन के कार्याें की सराहना की। मिशन के अध्यक्ष एवं यूनियन बैंक आफ इंडिया के पूर्व कार्यकारी निदेशक रहे राकेश सेठी ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए कुछ 36 विद्यार्थियों ने आवेदन किया।
इसमें अमन प्रताप, गुरमीत, साहिल और प्रीति का चयन किया गया है। ट्रस्ट सभी चयनित विद्यार्थियों की फीस पर होने वाला सारा खर्च वहन करेगा। छात्रवृत्ति चयनित विद्यार्थियों के अकादमिक प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। सभी चयनित विद्यार्थियों को कुलपति दिनेश कुमार एवं राकेश सेठी ने प्रमाण पत्र प्रदान किए।