एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के छात्रों को खेलकूद में आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता की योजना बना रही है। इसके माध्यम से उक्त स्कूलों में पढ़ने वाले जनजातीय छात्रों को भी खेल के मैदान में बेहतर मौका मिल सके।
वहीं, राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान के सहयोग से दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय संग्रहालय बनेगा, ताकि देश-दुनिया भारतीय जनजातीय कला से रूबरू हो सके। जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम ने बताया कि पिछले चार वर्षों में हाई स्कूल के छात्रों को 5405 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप दी गई है।
जबकि करीब 30 लाख एसटी छात्रों को लाभ मिला है। कार्यमंत्री के मुताबिक, स्नातकोत्तर फेेलोशिप योजना पहले यूजीसी देती थी, लेकिन अब उसे ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके अलावा 1205 आश्रम स्कूल खोले गए हैं, जिसमें करीब 1,15,500 छात्र स्कूली पढ़ाई से जुड़े हैं। इस साल एकलव्य स्कूलों के करीब 146 छात्रों ने नीट, 253 ने जेईई मेन परीक्षा पास की है।