डीयू में दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। स्पोर्ट्स कोटे के तहत दाखिले के इच्छुक छात्रों को भी इस बार ऑनलाइन आवेदन के दौरान ही इसका विकल्प चुनना है। छात्रों को ध्यान देना होगा कि वह कॉलेजों में स्पोर्ट्स को ध्यान में रखकर आवेदन करें।
किस कॉलेज में कौन सा गेम है उसका भी अच्छी तरह से पता करें। डीयू स्पोर्ट्स काउंसिल के प्रमुख सी एस दुबे के मुताबिक छात्रों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान ध्यान देना होगा कि वे कॉलेजों के स्पोर्ट्स का भी ध्यान रखें।
किस कॉलेज में कौन सा गेम है, उन्हें किसके लिए आवेदन करना है, ऑनलाइन आवेदन के दौरान अगर वे इसका ख्याल नहीं रखेंगे तो उनके हाथ से मौके निकल सकते हैं। वे सिर्फ खेल को प्राथमिकता नहीं दें। वे पहले पाठ्यक्रम को प्राथमिकता दें उसके बाद स्पोर्ट्स को तय करें।
उन्होंने बताया कि इस बार छात्रों को स्पोर्ट्स ट्रायल के दौरान कम से कम 50 अंक हासिल करने होंगे। इतने नंबर आने के बाद ही उन्हें कोटे के तहत छूट पाने वालों की कतार में शामिल किया जाएगा।