दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी में चल रहा विवाद थमने की बजाए बढ़ता जा रहा है। छात्रों की भूख हड़ताल व प्रदर्शन के कारण प्रशासन ने दो दिनों के लिए एलएलबी की कक्षाएं बंद कर दी हैं।
इस संबंध में 14 व 15 अक्तूबर को कक्षाएं न होने का नोटिस भी जारी कर दिया गया है। उधर, भूख हड़ताल पर बैठे व प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को लॉ फैकल्टी डीन प्रो. वेद कुमारी का पुतला फूंका।
छात्रों का कहना है अब लिखित नोटिफिकेशन आने पर ही वह आंदोलन समाप्त करेंगे। दूसरी ओर छात्रों के बीच मारपीट की बात भी सामने आई, लेकिन धरने पर बैठे छात्रों ने इससे इंकार किया है। लॉ फैकल्टी में बड़ी संख्या में फेल हुए छात्रों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार से पहले ही दो छात्र भूख हड़ताल पर हैं।
शुक्रवार सुबह कुछ कक्षाएं लगी, लेकिन 10 बजे के बाद प्रशासन की ओर से (कैंपस लॉ सेंटर, लॉ सेंटर-1, लॉ सेंटर-2 की कक्षाएं) बंद करने का नोटिस जारी कर दिया गया। इस कारण कक्षाएं बाधित हुईं और तीनों सेंटरों पर पढ़ाई नहीं हुई। लॉ फैकल्टी में सोमवार से ही कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद है।