दिल्ली विश्वविद्यालय में एक ओर जहां शिक्षकों की हड़ताल चल रही है। वहीं, अब लॉ फैकल्टी में विद्यार्थियों ने डीन के खिलाफ हल्ला बोल दिया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नॉर्थ कैंपस विधि संकाय इकाई के छात्रों ने डीन वेद कुमारी के खिलाफ धरना दिया। साथ ही धरने के बाद डीन कार्यालय के बाहर ज्ञापन चिपका दिया। वहीं, 22 मार्च को डीयू कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन का फैसला किया है।
परिषद के प्रदेश मंत्री भरत खटाना ने बताया कि यह धरना कई समस्याओं को लेकर दिया गया। सबसे प्रमुख मुद्दा लॉ फैकल्टी के 33 छात्रों पर दर्ज केस को लेकर रहा।
खटाना ने दावा किया कि जब भी डीन के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की जाती है। वह छात्रों के खिलाफ केस दर्ज करवा देती हैं। साथ ही छात्रों ने सप्लिमेंट्री परीक्षा दोबारा शुरू करने, समय से परीक्षा परिणाम जारी हो, लाइब्रेरी के समय में बढ़ोतरी करने, पानी और शौचालय की सही व्यवस्था करने की मांग की है।
प्रदेश मंत्री का आरोप है कि जब से वेद कुमारी डीन बनीं हैं। तब से फैकल्टी की हालत खराब है। हर साल कुछ ना कुछ होता ही रहता है। बीते साल एडमिट कार्ड को लेकर छात्रों ने आंदोलन किया था।
छात्रसंघ और उन्हें मिलाकर 33 छात्रों पर केस दर्ज करवा कर उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। परिषद का आरोप है कि वह छात्रों से कभी नहीं मिलतीं।