दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी में कुछ छात्रों की कम उपस्थिति होने पर प्रवेश पत्र नहीं देेने और कुछ को प्रवेश पत्र जारी करने का मामला गरमा गया है। मामले को लेकर बृहस्पतिवार को शुरू हुआ धरना शुक्रवार को भी जारी रहा।
शुक्रवार को लॉ फैकल्टी में धरने पर बैठे डूसू अध्यक्ष अमित तंवर को पुलिस ने हिरासत में लिया। कुछ देर बाद हिरासत से छोड़े जाने के बाद अमित शाम चार बजे दोबारा धरना स्थल पहुंच गए। उनका कहना है कि वे इस मामले में डीन फैकल्टी से बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं।
डीयू में लॉ की परीक्षा 20 दिसंबर से शुरू होनी है। परीक्षाओं से पहले प्रशासन ने ऐसे छात्रों की सूची जारी की है, जिनकी उपस्थिति कम होने के कारण उन्हें प्रवेश पत्र नहीं दिया गया। इसके बाद से छात्र हंगामा कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कैंपस लॉ सेंटर, लॉ सेंटर-1 और लॉ सेंटर-2 के लगभग 100 छात्र ऐसे हैं, जिनकी उपस्थिति 70 फीसदी से कम है। इस मामले को लेकर बृहस्पतिवार को पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था, जिसमें एक छात्र घायल हो गया था।
बृहस्पतिवार को भी छात्रसंघ अध्यक्ष लॉ फैकल्टी पहुंचे थे। अमित का आरोप है कि कम उपस्थिति के बावजूद कुछ महत्वपूर्ण लोगों को प्रवेश पत्र दिए गए हैं।