दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में एमफिल व पीएचडी की खाली पड़ी सीटों पर दाखिले के लिए सोमवार से एक बार फिर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई। उम्मीदवार 31 जनवरी तक डीयू दाखिला पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
इससे पहले 1 से 15 जनवरी तक पंजीकरण प्रक्रिया को खोला गया था। ऐसे आवेदक पंजीकरण करा सकते हैं जिन्होंने मई-जून 2017 में पीएचडी की प्रवेश परीक्षा व साक्षात्कार दिया था, लेकिन सीटों की संख्या सीमित होने के कारण दाखिला नहीं मिला।
ऐसे उम्मीदवार भी पंजीकरण करा सकते हैं जो नेट परीक्षा, यूजीसी सीएसआईआर नेट, फेलोशिप में सफल रहे हैं। वह सीधे साक्षात्कार में हिस्सा ले सकेंगे।
वहीं, जो शिक्षक डीयू में नौकरी कर रहे हैं वह भी सीधे साक्षात्कार में हिस्सा ले सकेंगे। एमफिल के वह उम्मीद्वार जिनका कोर्स वर्क 55 फीसदी अंकों के साथ पूरा हुआ है, वह भी सीधे साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे। साक्षात्कार के लिए सीधे आने वाले उम्मीदवार को भी दाखिला पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।