दिल्ली विश्वविद्यालय में कॉलेज स्तर पर आयोजित ओपन डेज खत्म हो गया है। मगर छात्रों के सवाल और दुविधाएं अब भी बरकरार है। डीयू को उसके हेल्प लाइन नंबर और हेल्प डेस्क पर छात्र रोजाना नए सवालों के साथ पहुंच रहे हैं। डीयू के एक्सपर्ट और उनकी टीम के सदस्य छात्रों के सवालों के जवाब दे रहे हैं। कुछ ऐसे ही सवाल जिसके बारे में छात्रों की ओर से लगातार पूछ रहे है, उसके जवाब यहां दिए जा रहे हैं।
कैटेगरी बदलने पर उसके बदले जो फीस ली गई क्या वह वापस मिलेगी?
जी नहीं, आवेदन शुल्क सभी केटेगरी के लिए अनिवार्य है। इसके अलावा आप जिस केटेगरी में दाखिला लेंगे उसकी अलग फीस देनी होगी। मसलन अगर आप ईसीए या स्पोर्ट्स दोनों केटेगरी लेते हैं तो आपको 100-100 रुपये दोनों के लिए जमा करने होंगे। उसके बाद अगर आप सामान्य वर्ग में दाखिला लेते हैं तो रुपये वापस नहीं होंगे।
कटऑफ आने के बाद क्या मैं ऐसे पाठ्यक्रम में दाखिला भी ले सकता हूं, जिसका चुनाव मैंने आवेदन के दौरान नहीं किया है?
बिल्कुल नहीं। कटऑफ आने के बाद आप उन्हीं पाठ्यक्रमों में दाखिला पा सकते हैं जिसके लिए आपने आवेदन किया है। बाद में अगर आप किसी कोर्स में जाना चाहते हैं तो दाखिला नहीं मिलेगा। इसलिए आवेदन के दौरान ज्यादा से ज्यादा विकल्पों का चुनाव करें जिसमें आप दाखिला लेना चाहते हैं।
बारहवीं मे कॉमर्स व अकाउंट्स विषय पढ़े हैं, किस विषय को बेस्ट फोर में शामिल किया जा सकता है?
आप दोनों विषयों के अंक को बेस्ट फोर में शामिल कर सकते हैं। ऐसा नहीं है कि इसमें से एक विषय ले लिया तो दूसरा नहीं ले पाएंगे।
डीयू में लड़कियों के लिए कोई कोटा होता है। मैं अपने परिवार में इकलौती लड़की हूं इसका कोई छूट मिलता है क्या?
जी नहीं, डीयू में लड़कियों के लिए कोई कोटा नहीं है। मगर लड़कियों के पास नियमित कोर्स में दाखिले के अलावा एनसीवेब में दाखिला मिलने का मौका होता है। डीयू के 24 कॉलेज जरूर अपने यहां कुछ-कुछ कोर्सेज में एक फीसदी की छूट दे रहे हैं।
ऑनलाइन आवेदन के साथ दस्तावेज अपलोड करना जरूरी है?
जी हां, ऑनलाइन आवेदन के साथ दस्तावेज अपलोड करना जरूरी है। इसके साथ ही दस्तावेज स्वयं सत्यापित भी होने चाहिए।
बीए इन इकोनॉमिक्स ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स के लिए 12वीं में किस किसी विषय की अनिवार्यता है?
डीयू में इकोनॉमिक्स ऑनर्स व बी. कॉम ऑनर्स में दाखिले के लिए 12वीं में गणित का होना अनिवार्य है। भले ही आप गणित को अपने बेस्ट फोर में शामिल न करें मगर 12वीं में उस विषय का होना जरूरी है तभी आप दोनों पाठ्यक्रम में दाखिला पा सकते हैं।