दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2019-20 में यूजी, पीजी, एमफिल, पीएचडी कोर्सेज के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से शुरू होकर 5 जुलाई को संपन्न होंगी। पहली बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के सहयोग से हो रही प्रवेश परीक्षाओं के लिए गाइडलाइंस भी जारी कर दी गई हैं।
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर समेत 18 शहरों में प्रवेश परीक्षाएं तीन पालियों में होंगी। पीजी, एमफिल, पीएचडी स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की शुरूआत 30 जून से होगी। 1 जुलाई की सुबह 8 से 10 बजे की पाली में बीए-ऑनर्स मल्टीमीडिया एंड मॉस कम्यूनिकेशन, दोपहर 12 से 2 बजे तक बीएमएस, बीबीए (एफआईए), बीए-ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स (पहली शिफ्ट) व शाम 4 से 6 बजे की पाली में बीएमएस, बीबीए (एफआईए), बीए-ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स (दूसरी शिफ्ट) की परीक्षा होगी। 1 जुलाई को ही शाम 4 से 6 बजे तक बीएड स्पेशल एजुकेशन की परीक्षा होगी।
2 जुलाई को बीए-ऑनर्स ह्यूमेनिटीज एंड सोशल साइंस की परीक्षा सुबह 8 से 10 बजे, बीएससी फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा शाम 4 से 6 बजे तक होगी। 3 जुलाई की सुबह 8 से 10 बजे की पाली में एलएलबी, दोपहर 12 से 2 बजे की पाली में बी.पी.ईडी, शाम 4 से 6 बजे तक बीएड, व 12 से 2 बजे तक बीटेक-आईडी मैथमेटिक्ल इनोवेशन की परीक्षा होगी। 4 जुलाई को 5 वर्षीय इंटरग्रेटिड जर्नलिज्म कोर्स के लिए सुबह 8 से 10 बजे तक परीक्षा होगी। शाम 4 से 6 बजे की पाली में बीएड स्पेशल एजुकेशन कोर्स के लिए परीक्षा होगी।
इन शहरों में होगी परीक्षा
दिल्ली-एनसीआर (गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, साहिबाबाद, गाजियाबाद), अहमदाबाद, बंगलुरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चैन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, पटना, रांची, त्रिवेंद्रम, वाराणसी।
प्रवेश परीक्षा के लिए दिशा-निर्देश
एक बार परीक्षा के लिए शहर व सेंटर का चयन करने के बाद बदलाव नहीं होगा। प्रवेश पत्र डीयू की वेबसाइट पर लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। सेंटर पर परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले पहुंचना होगा, जिससे जांच व परीक्षा पंजीकरण की औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले पंजीकरण डेस्क बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को सेंटर में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्र पर डाउनलोड एडमिट कार्ड, एक पासपोर्ट साइज फोटो, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड में सेे कोई एक पहचान पत्र, पीडब्ल्यूडी प्रमाणपत्र, शादी के कारण नाम परिवर्तन होने के कारण शादी प्रमाणपत्र, कानूनी नाम बदलने का दस्तावेज, तलाक का आदेश लेकर पहुंचना होगा।
इनका भी रखें ध्यान
-परीक्षा केन्द्र में धूम्रपान, गुटखा, थूकना निषेध होगा।
-चाय, कॉफी, पानी, कोल्ड ड्रिंक, खाद्य पदार्थ, पेसिंल बॉक्स, हैंड बैग, पर्स नहीं ले जा सकेंगे।
-मधुमेह से पीड़ित छात्रों को शुगर की दवाई, फल जैसे केला, संतरा, सेब, पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की छूट होगी। चाकलेट, कैंडी, सैंडविच नहीं ले जा सकेंगे।