दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में अब साउथ कैंपस निदेशक की तर्ज पर नॉर्थ कैंपस के लिए अलग से निदेशक होगा। अब तक नॉर्थ कैंपस के लिए इस तरह का कोई पद नहीं था।
इसका प्रस्ताव मंगलवार को होने वाली कार्यकारी परिषद (एक्जिक्यूटिव काउंसिल) की बैठक में लाया जाएगा। बैठक के हंगामेदार रहने के आसार हैं। उधर, साउथ कैंपस कॉलेजों का काम देखने के लिए साउथ कैंपस निदेशक का पद है।
ऐसे में नया पद सृजित करने पर आपत्ति हो रही है। कहा जा रहा है कि पहले खाली पदों पर भर्ती होनी चाहिए। अभी तक समकुलपति पद पर नियमित नियुक्ति नहीं हुई है।
साउथ कैंपस का कार्यभार भी कार्यवाहक समकुलपति ही संभाल रहे हैं। इसके साथ ही दरका व सूरजमल विहार में लॉ सेंटर बनाए जाने का भी प्रस्ताव लाया जा रहा है।
जर्नलिज्म का सेंटर
डीयू में लंबे समय बाद कार्यकारी परिषद की बैठक मंगलवार को होगी। इसमें कुछ ढांचागत विकास कार्यों के प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। लॉ फैकल्टी कैंपस में एकेडमिक बिल्डिंग बनाए जाने का भी प्रस्ताव है।
इसे 82 करोड़ 35 लाख रुपये में तैयार किया जाएगा। केशवपुरम में स्कूल ऑफ जर्नलिज्म का सेंटर भी प्रस्तावित है। वहीं, ढका में 23 करोड़ 7 लाख रुपये का गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा। इस पर भी बैठक में चर्चा होगी। मौरिस नगर में भी 10 करोड़ 33 लाख की लागत से एक नया एकेडमिक भवन तैयार होगा।