दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2017-18 में रेगुलर कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट (यूजी) कोर्सेज केदाखिले इस बार भी कट ऑफ के आधार पर ही होंगे। इन कोर्सेज के दाखिले प्रवेश परीक्षा से कराने की संभावना समाप्त हो गई है।
बीते साल जिन यूजी कोर्सेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा से हुए थे केवल उन्हीं में दाखिले प्रवेश परीक्षा से होंगे। दरअसल, इस बार प्रशासन ने यूजी कोर्सेज में दाखिले एंट्रेस टेस्ट(प्रवेश परीक्षा) से कराने की तैयारी की थी। प्रशासन पहले पीजी स्तर पर ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा की सफलता को देखना चाहता है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए यूजी व पीजी कोर्सेज दोनों के लिए प्रवेश परीक्षा कराना मुश्किल है। यूजी स्तर पर दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या काफी अधिक होती है। ऐसे में एक साथ इतने बड़े पैमाने पर इसे आयोजित कराना कठिन हो रहा था।
डीयू कुलपति प्रो योगेश त्यागी के अनुसार बीते साल तक जिन यूजी कोर्सेज (बीएमएस, बीएफआईए, बीबीई) में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा होती थी, उन्हीं कोर्सेज के लिए इस बार प्रवेश परीक्षा होगी। अन्य यूजी स्तर के दाखिले प्रवेश परीक्षा की जगह कट ऑफ के आधार पर ही होंगे।
दरअसल, पीजी में प्रवेश परीक्षा की सफलता को देखना चाहते हैं कि यह सही रहता है या नहीं। प्रशासन ने इस बार कट ऑफ की जगह दाखिले प्रवेश परीक्षा से कराने की योजना तैयार की थी, इस संभावना के बाद से विरोध के स्वर उठने लगे थे।
कहा जाने लगा था कि प्रवेश परीक्षा केविषय में छात्रों को एक साल पहले पता होना चाहिए। क्योंकि कम समय में प्रवेश परीक्षा के लिए छात्र तैयार नहीं हो सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए फीडबैक भी लिया गया था।
बताया जा रहा है कि प्रशासन को इसको लेकर बेहतर फीडबैक नहीं मिला। उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने इस बार पीजी कोर्सेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे।