दिल्ली विश्वविद्यालय का आगामी शैक्षणिक सत्र 2019-20 के केयूजी कोर्सेज (स्नातक) के लिए कट ऑफ जून के पहले सप्ताह में ही जारी करने की तैयारी की जा रही है। दाखिला प्रक्रिया बीते साल के मुकाबले एक माह पहले शुरू किए जाने के कारण कट ऑफ भी जल्दी आएगी। कट ऑफ का शेड्यूल तैयार करने पर चर्चा की जा रही है। जल्द ही शेड्यूल को भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दाखिला समिति की चौथी बैठक जल्द ही होगी। संभवत: उसमें दाखिले से जुड़े अन्य पहलुओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
डीयू दाखिला समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए संभावित तिथि 15 अप्रैल तय की गई है। बीतेे साल आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हुई थी। इस बार समिति का प्रस्ताव है कि जल्द ही कट ऑफ भी जारी की जाए, जिससे कि समय से पूरी दाखिला प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।
समिति का प्रस्ताव है कि चूंकि आवेदन प्रक्रिया जल्दी शुरू होगी तो कट ऑफ भी जल्दी जारी करनी चाहिए। प्रस्ताव है कि पहली कट ऑफ लिस्ट जून के पहले सप्ताह में जारी कर दी जाए। बीते साल पहली कट ऑफ 19 जून को जारी की गई थी।
डीयू में दाखिला प्रक्रिया के लिए दिशा-निर्देश तय करने को लगातार समिति की बैठकें हो रही हैं। शुक्रवार को दाखिला समिति की तीसरी बैठक हुई। इसमें आवेदन शुरू करने की संभावित तिथि तो तय हो गई।
चूंकि आवेदन प्रक्रिया जल्दी शुरू की जा रही है, लिहाजा कट ऑफ भी जल्दी जारी करने की तैयारी की जा रही है। जिससे कि छात्रों को भी सहूलियत हो। कट ऑफ का शेड्यूल क्या रहेगा इस पर काम किया जा रहा है। जल्द ही दाखिला समिति की चौथी बैठक होनी है। उल्लेखनीय है कि डीयू में स्नातक की 56 हजार सीटों पर पर दाखिला प्रक्रिया चलाई जाती है।