डीयू में दाखिला प्रक्रिया के पहले दिन आई दिक्कत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जहां पहले दाखिला पोर्टल से फॉर्म का प्रिंट आउट निकालने में परेशानी हो रही थी, वहीं अब फीस का पेच फंस गया है।
दरअसल, शनिवार व रविवार को पोर्टल की रफ्तार काफी धीमी रही। इस कारण से कई छात्रों की फीस बैंक तक नहीं पहुंची। वहीं कुछ की जमा भी हुई तो इसकी जानकारी कॉलेज तक नहीं पहुंची। इस वजह से बड़ी संख्या में छात्रों के दाखिले पर संकट आ गया है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर में सोमवार को बड़ी संख्या में ऐसे छात्र पहुंचे, जिनका दाखिला दूसरी कटऑफ में कॉलेज ने मंजूर कर लिया था, लेकिन शनिवार से ही फीस जमा कराने का प्रयास कर रहे थे।
इसके लिए उन्होंने साइबर कैफे का सहारा भी लिया, लेकिन उन्हें पोर्टल पर फीस जमा कराने के लिए लिंक ही नहीं मिला। वहीं कुछ ऐसे भी छात्र हैं जिनकी फीस जमा हो गई है लेकिन कॉलेज व बैंक तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच रही।
इस कारण से ऑनलाइन भी इस बात की जानकारी नहीं दिख रही। वहीं डीयू का कहना है कि इस समस्या को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, देखा जाएगा कि किस स्तर पर दिक्कत हुई है।
इधर, डीयू में एलएलबी में दाखिले के लिए रिजल्ट जारी होने के बाद सोमवार से काउंसलिंग शुरू होनी थी, लेकिन शनिवार को अचानक इसे रद कर दिया गया। इस कारण से बाहर से काउंसलिंग के लिए पहुंचे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। अब काउंसलिंग की नई तिथि अगले सप्ताह की है।