दिल्ली विश्वविद्यालय में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) के तहत शुरू हुआ कैंपस प्लेसमेंट का दौर जारी है। अब 6 व 7 मार्च को दो दिवसीय प्लेसमेंट राउंड होगा। इस राउंड में तीन कंपनियां कैंपस पहुंच रही हैं। वहीं कंपनियों के रुझान को देखते हुए अप्रैल में भी प्लेसमेंट राउंड होने की उम्मीद है।
डीयू में मई से परीक्षाओं का दौर शुरू हो जाएगा और प्लेसमेंट प्रक्रिया थम जाएगी। सीपीसी से जुड़े अधिकारी की मानें तो 6 मार्च को आईटी कंपनी नेट कनेक्ट ग्लोबल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कंप्यूटर साइंस, आईटी, फिजिक्स, सांख्यिकी, गणित के छात्रों का चयन करने के लिए कैंपस पहुंचेंगी। ये कंपनी एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट आईटी, व एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट पद के लिए लगभग 90 छात्रों का चयन करेंगी।
एग्जिक्यूटिव मैनेजमेंट पद के लिए कंपनी ट्रेनिंग अवधि के दौरान सालाना 2.4 लाख से तीन लाख रुपये सैलरी पैकेज की पेशकश करेंगी। वहीं एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट पद के लिए कंपनी 2.4 लाख रुपये व अन्य भत्ते की पेशकश करेगी।
वहीं इस दिन दूसरी कंपनी टेक जिनी कंपनी टेक्निकल सेल्स एसोसिएट पद के लिए 40 छात्रों का चयन करेगी। चयन हो जाने पर छह माह की अवधि में कंपनी 15 हजार स्टाइपेंड का ऑफर दे रही हैं जबकि ट्रेनिंग के बाद 23 हजार प्रति माह व अन्य भत्ते दिए जाएंगे।
7 मार्च को हिताची सिस्टम माइक्रो कंपनी पहुंच रही है। जो कि मैनेजमेंट ट्रेनी के लिए 20 छात्रों का चयन करेगी। यह कंपनी 3.5 लाख रुपये का जॉब ऑफर देगी।
खास बात यह है कि स्नातक कर रहे छात्रों को ही यह जॉब ऑफर दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कैंपस प्लेसमेंट के लिए कैंपस पहुंची वीवो कंपनी ने अपना रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने 25 छात्रों को जॉब ऑफर दिया है।