दिल्ली विश्वविद्यालय में पहले व दूसरे वर्ष के छात्र नतीजे नहीं आने के कारण काफी परेशान है। इसी परेशानी को लेकर छात्र संगठन एबीवीपी ने नॉर्थ कैंपस स्थित आर्ट्स फैकल्टी में प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों ने भी हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने डीन को जल्दी परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। दिल्ली एबीवीपी प्रदेश मंत्री भरत खटाना ने बताया की छात्रों को परीक्षा दिए हुए दो माह हो चुके हैं लेकिन अब तक छात्रों के परिणाम घोषित नहीं हुए हैं।
नतीजे जारी न होने के कारण छात्र काफी परेशान है। मालूम हो कि दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार किया हुआ था।
इस कारण से ही नतीजे जारी करने में देरी हो रही है, जिसका खामियाजा अब छात्रों को उठाना पड़ रहा है। एबीवीपी के इस प्रदर्शन को आने वाले डूसू चुनावों से जोड़ कर भी देखा जा रहा है।