दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत एक बार फिर से प्लेसमेंट प्रक्रिया शुरू हो रही है। \इस सत्र के दूसरे सेशन में कंसल्टिंग कंपनियां जॉब ऑफर के साथ पहुंच रही हैं। सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) के तहत होने वाले इस सेशन में केवल पीएचडी छात्रों को ही मौका मिलेगा। कंपनी सैलरी पैकेज के रूप में 10-12 लाख रुपये पैकेज की पेशकश करेंगी। मालूम कि बीते माह इस सत्र के पहले सेशन में आई विवो कंपनी 20 अधिक छात्रों का चयन कर चुकी है।
19 दिसंबर को प्लेसमेंट का अगला सत्र है, जिसमें एक्सिओम कंसल्टिंग पहुंच रही है। प्लेसमेंट सेल से जुड़े अधिकारी व डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राकेश पराशर ने बताया कि इस राउंड में केवल पीएचडी अर्थशास्त्र, पीएचडी सांख्यिकी, व पीएचडी ऑपरेशनल रिसर्च वाले छात्र ही हिस्सा ले सकेंगे। कंपनी के समक्ष उपस्थित होने के लिए छात्र का सीपीसी के अंतर्गत पंजीकरण अनिवार्य है।
मालूम हो कि बीते 17 नवंबर को हुए सेशन में विवो कंपनी ने 20 छात्रों को जॉब ऑफर किया। उन्होंने बताया कि जनवरी में शीतकालीन अवकाश के बाद प्लेसमेंट के दो राउंड और होंगे। पहला राउंड 17-18 जनवरी को होगा। जिसमें पांच नामी कंपनियां ब्रिटिश टेलीकॉम, अमेजॉन, फॉरेक्स, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, फिटकिड्स कैंपस आएंगी। ये कंपनियां पीजी व यूजी स्तर के छात्रों का चयन करेंगी।
अमेजॉन तो जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश व इटेलियन भाषा वाले यूजी छात्रों का चयन करेगी। जबकि फॉरेक्स केवल पीजी स्तर के छात्रों को जॉब ऑफर देगी। फिलहाल कंपनियों ने सैलरी पैकेज का खुलासा नहीं किया है। प्रशासन उम्मीद करकेचल रहा है सैलेरी पैकेज तीन लाख से अधिक हो सकता है। वहीं जनवरी में एक और राउंड माह के अंत में होगा। इसके लिए कंपनियों से बातचीत की जा रही है।